Saraikela (संजीव मेहता) : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार देर शाम धतकीडीह इलाके में चोरों ने एक ही रात में दो बंद घरों को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और जरूरी दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया. वारदात के बाद पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है.
पहली चोरी की घटना धतकीडीह बीएच एरिया रोड नंबर-2 की है. यहां रहने वाले अरशद हुसैन अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में डॉक्टर के पास गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए. देर शाम जब परिवार घर लौटा तो टूटा ताला और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

दूसरी चोरी की घटना धतकीडीह बीएच रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर-80 की है, जहां नदीम खान रहते हैं. घटना के समय नदीम खान ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं. घर पूरी तरह खाली पाकर चोरों ने ताला तोड़ा और 25 हजार रुपये नकद, करीब 300 ग्राम चांदी के जेवर तथा कई सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं.
लगातार दो चोरी की घटनाओं की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. इन दोनों वारदातों के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे.




