धनबाद : जिले के जोरापोखर थाना अंतर्गत डिगवाडीह क्षेत्र से एक अत्यंत गंभीर दिल को झकझोर देने वाली और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां झामुमो नेता मदन राम द्वारा आपसी विवाद में तीन व्यक्तियों पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी गई है ।इस दर्दनाक घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और फिलहाल एक निजी चिकित्सा केंद्र में उपचाराधीन हैं।
मामला मंगलवार रात का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमटी (छोटी दुकान) के स्वामित्व को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसी विवाद के दौरान कथित रूप से जेएमएम से जुड़े नेता मदन राम ने गुमटी में रखे ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर अपने ही रिश्तेदार उत्सव राम सहित विवेक राम और विनायक गुप्ता पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उत्सव राम की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य दो की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मदन राम और उत्सव राम के बीच लंबे समय से जमीन से जुड़ा विवाद चल रहा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि पहले भी कई बार धमकी और हिंसा की घटनाएं हुईं, लेकिन उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया।
घटना के अगले दिन जोरापोखर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है। पीड़ितों की ओर से प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की गई है।




