जमशेदपुर : आर्टिस्ट फोरम ऑफ जमशेदपुर एवं साकची हाई स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय कला कार्यशाला ‘शिमुल-26’ का आयोजन साकची हाई स्कूल परिसर में किया जा रहा है। इस कला कार्यशाला का उद्घाटन सोमवार, 8 जून को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कलाकार पुरबी घोष उपस्थित रहीं।
कार्यशाला में शहर और आसपास के क्षेत्रों के कलाकार अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा विभिन्न कला विधाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देना, युवा कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा कला के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला का समापन समारोह 9 जून को आयोजित किया जाएगा।

समापन अवसर पर ज्योति माथुर, श्रीकांत कटारे, कुमार विवेक, संजय कुमार एवं सामंत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आर्टिस्ट फोरम ऑफ जमशेदपुर और साकची हाई स्कूल ने शहर के कला प्रेमियों, कलाकारों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।





