चांडिल: कपाली नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 19-कपाली नगर परिषद (वर्ग–ख) क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बीएनएसएस की धारा-163 लागू कर दी है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों और आम लोगों से इसका पालन करने की अपील की है।

इधर, कपाली ओपी क्षेत्र में जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और दलाली पर कार्रवाई के बाद जमीन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि रुगड़ी मौजा में सरकारी जमीन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जिसे प्रशासन ने सरकारी घोषित किया है। कुछ जमीन कारोबारी और सफेदपोश लोग स्थानीय लोगों को उकसा रहे हैं और पुलिस को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। ओपी प्रभारी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं किया जाएगा और माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले सात महीनों में एक भी गंभीर अपराध नहीं हुआ है, बावजूद इसके अफवाहें फैलाई जा रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।




