Saraikela (संजीव मेहता) : ईयर इंडिंग माह (मार्च 2025) में राजस्व जुटाने में जेबीवीएनएल के अधिकारी लग गए हैं. विभाग का मुख्य लक्ष्य सरकारी विभागों के 93 कनेक्शन पर बाकी 4.85 करोड़ बकाया वसूलने का है जिसके लिए सभी विभागों को नोटिस भेजा है. बकाया रखने वाले विभागों में नगर निगम आदित्यपुर, वन विभाग, पीएचईडी, राजकीय पॉलीटेक्निक, सुवर्णरेखा परियोजना कार्यालय आदि शामिल हैं.

जानकारी देते हुए जमशेदपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता संजीत कुमार पासवान ने बताया कि इसके अलावा राजस्व वसूली की चल रही कार्रवाई में आदित्यपुर डिवीजन में फरवरी माह में वैसे 76 उपभोक्ताओं के लाइन काटा गया है और 52 उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है जिन्होंने 1 लाख रुपए से ज्यादा बिजली बिल बाकी रखे हैं. वहीं जमशेदपुर सर्किल के तीनों डिवीजन में ऐसे उपभोक्ताओं पर 242 एफआईआर दर्ज कराए गए हैं जबकि 322 उपभोक्ताओं के लाइन काटे गए हैं. इसके अलावा एलटीआईएस के 103 उपभोक्ताओं को 15 दिन का नोटिस भेजकर बकाया बिजली बिल जमा करने को कहा गया है जबकि 37 उपभोक्ताओं के लाइन काट दिए गए हैं. विद्युत अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि मार्च माह में उनका राजस्व वसूली का लक्ष्य 80 करोड़ निर्धारित किया गया है जिसको ध्यान में रखकर सभी बड़े छोटे बकायेदारों को नोटिस भेजने और लाइन काटने की कार्रवाई की जा रही है.




