जमशेदपुर : जमशेदपुर जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में पटमदा अंचल अधिकारी राजेंद्र दासऔर पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता द्वारा संयुक्त रूप से अवैध क्रेशर कारोबार के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया । जिससे अवैध कारोबारीयों में हड़कंप मचा हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को पटमदा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा अवैध पत्थर खनन के खिलाफ एक बार फिर सघन छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी पटमदा राजेंद्र दास और थाना प्रभारी पटमदा विष्णु चरण भोक्ता ने संयुक्त रूप से किया, जिसमें वन विभाग के कक्षपाल, पुलिस बल एवं स्थानीय चौकीदार भी शामिल रहे। अभियान के तहत टीम सबसे पहले शीशादा स्थित अवैध पत्थर खनन क्षेत्र में पहुंची। हालांकि, प्रशासनिक दल के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद सभी लोग मौके से फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान न तो कोई व्यक्ति वहां मिला और न ही अवैध पत्थर से लदा कोई वाहन बरामद किया जा सका।
इसके बाद टीम ने अभियान को आगे बढ़ाते हुए बामनी क्षेत्र का रुख किया, जो इको-सेंसिटिव जोन के अंतर्गत आता है। यहां भी अवैध उत्खनन की आशंका के मद्देनजर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन मौके पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि का प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला। न तो कोई वाहन पाया गया और न ही कोई व्यक्ति मौके पर मौजूद था।
इस पूरे अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्र में संचालित पत्थर क्रेशरों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी क्रेशर संचालकों को अपने संचालन से संबंधित आवश्यक कागजात अद्यतन (अपडेट) रखने होंगे। यदि किसी भी क्रेशर का कागजी कार्य अधूरा या अनुपलब्ध पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए क्रेशर को बंद कराया जाएगा।
प्रशासन ने इस संबंध में विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध पत्थर उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी 6 मार्च 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम के नेतृत्व में भी इसी क्षेत्र में संयुक्त छापामारी अभियान चलाया गया था, जिसमें अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्रेशर एवं खनन माफियाओं में दहशत फैला हुआ है।




