रांची : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद पड़े अभिजीत कंपनी से लोहा चोरी करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और भारी मात्रा में लोहे की सामग्री बरामद की है। जानकारी के अनुसार, 17 जून की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि खरसावां थाना क्षेत्र के बुरुडीह गांव स्थित अभिजीत कंपनी के बंद पड़े प्लांट में कुछ लोग अवैध रूप से प्रवेश कर लोहे की कटाई कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित की, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह और विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट परिसर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो गैस रेगुलेटर, गैस कटर, कटर पाइप, वेल्डिंग रॉड, नोजल समेत कई अन्य उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गैस कटर की मदद से प्लांट के भीतर मौजूद भारी लोहे के ढांचों को काटकर चोरी कर रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ खरसावां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय चोरी और स्क्रैप माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि बंद पड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।





