सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही फरार वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा लगातार वारंटीयो के विरुद्ध छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान चलाए जाने से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटीयो में हड़कंप मचा हुआ है।
इसी अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आदित्यपुर थाना कांड संख्या 84/2021, दिनांक 10 मार्च 2021, जो विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 से संबंधित है, के प्राथमिक अभियुक्त साबुद्दीन उर्फ कोको खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी इमामुद्दीन उर्फ खान मिस्त्री का पुत्र है तथा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले लगभग पांच वर्षों से गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रात्रि में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन को लेकर विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।





