सरायकेला : आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने न्यायालय के आदेश के आलोक में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी बबलू घासी उर्फ़ बबलू करुआ के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए इश्तिहार घर पर चिपकाए है थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने आदित्यपुर (आरआईटी) थाना कांड संख्या 288/11 तथा एस.टी. संख्या 101/13(एस) के नामजद अभियुक्त बब्लू घासी उर्फ बब्लू करुआ के घर पहुंचकर विधिवत इश्तिहार तामिला की प्रक्रिया पूरी की।
अभियुक्त बब्लू घासी, स्वर्गीय शंकर मांझी का पुत्र है और सरायकेला-खरसावां जिले के निमपाड़ा गांव का निवासी बताया जाता है। पुलिस जब उसके आवास पर पहुंची तो वह घर पर मौजूद नहीं मिला। इसके बाद कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई तथा डुगडुगी और ढोल बजाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा की गई।

पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में अभियुक्त के घर पर इश्तिहार चस्पा कर तामिला की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से जारी आदेशों के अनुपालन में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह, आरक्षी हृदय कुमार सिंह तथा गृहरक्षक चालक मनीष कुमार सिंह शामिल थे।





