जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक महिला की भावनाओं का फायदा उठाकर उससे लाखों रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान हड़प लिए। पीड़िता संगीता महंता घर से बाहर निकली थीं, तभी रास्ते में दो अजनबियों ने उनसे संपर्क किया।
बातचीत के दौरान उन्होंने महिला के परिवार और बेटे से जुड़ी जानकारी का हवाला देते हुए उसे मानसिक रूप से प्रभावित किया। आरोपियों ने दावा किया कि महिला के बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है, जिसे विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के जरिए दूर किया जा सकता है। बेटे की कुशलता को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गईं।

इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने कथित अनुष्ठान के लिए सोने के जेवर, अंगूठियां, कंगन, चेन और अन्य सामान अपने पास रखने को कहा। महिला ने उन पर भरोसा कर सामान सौंप दिया, जिसके बाद वे मौके से गायब हो गए। बाद में ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता ने करीब सात लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और लोगों से ऐसे झांसेबाजों से सतर्क रहने की अपील की है।




