मुकेश कुमार,( नई दिल्ली) :इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार तड़के एक गंभीर विमान हादसा होने से बच गया। दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली SWISS International Air Lines की फ्लाइट LX 147 में तकनीकी खराबी के चलते इंजन ने काम करना बंद कर दिया और उसमें आग लग गई। इस घटना में छह यात्री जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, Airbus A330 विमान टेक-ऑफ की तैयारी में था। रात करीब 1 बजे उसके एक इंजन में अचानक गड़बड़ी सामने आई। हालात बिगड़ते देख पायलट और क्रू मेंबर्स ने फौरन उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया। एहतियात के तौर पर सभी पैसेंजर्स को विमान से बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया।

यात्रियों को सुरक्षित बाहर लाने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें लगीं। छह घायलों को मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। जिन यात्रियों को स्लाइड से उतरने में परेशानी हुई, उनके लिए सीढ़ियों का इंतजाम किया गया।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई है। विमान में 228 यात्री और 4 बच्चे सवार थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उड़ान से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खामी आई थी, जिसकी वजह से यह स्थिति पैदा हुई।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही इसी एयरपोर्ट पर दो विमानों के पंख टकराने की घटना हुई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले की छानबीन कर रहे हैं।




