जमशेदपुर : शहर के भुइयांडीह बस स्टैंड में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के समीप हुआ, जहां सड़क पार करने के दौरान वह एक बस की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड परिसर में भारी आवाजाही के बीच अधेड़ व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही एक बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस उसके पास से मिले सामान और अन्य सुरागों के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों और जिम्मेदार चालक का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि भुइयांडीह बस स्टैंड क्षेत्र में हमेशा भीड़भाड़ और अव्यवस्थित यातायात की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





