Saraikela (संजीव मेहता) : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर अगस्त 2026 से अपना दो वर्षीय पूर्णकालिक आवासीय एमबीए (MBA) कार्यक्रम प्रारम्भ करने जा रहा है. यह संस्थान के शैक्षणिक विस्तार और प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है. एमबीए कार्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया 15 जून 2026 से प्रारम्भ होगी. प्रवेश प्रपत्र तथा विस्तृत सूचना पुस्तिका संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.nitjsr.ac.in पर उपलब्ध होगी.

इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. कार्यक्रम में प्रवेश अखिल भारतीय स्तर पर किया जाएगा तथा कुल 30 सीटें उपलब्ध हैं. यह एमबीए कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रबंधन कौशल, विश्लेषणात्मक क्षमता, नेतृत्व गुणों तथा नैतिक मूल्यों से युक्त पेशेवर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. संस्थान का सशक्त शैक्षणिक वातावरण, उद्योगों से जुड़ाव तथा बहुविषयी विशेषज्ञता विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा प्रदान करेगी. प्रवेश से संबंधित पात्रता, चयन प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को संस्थान की वेबसाइट पर नियमित रूप से अद्यतन जानकारी देखने की सलाह दी जाती है.





