टाटानगर रेलवे स्टेशन: रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर रेल यात्री संघर्ष समिति ने रविवार को स्टेशन परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया. इस अभियान में बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लेकर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और रेलवे की अव्यवस्थाओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की.
अभियान के दौरान स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों से हस्ताक्षर कराए गए और उनकी समस्याओं को दर्ज किया गया. यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों की अनियमितता के कारण उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर नौकरीपेशा, छात्र, मरीज और व्यवसायी वर्ग इससे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं.

इस मौके पर सरयू राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और अभियान को समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी टाटानगर स्टेशन के बाहर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसमें ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग उठाई गई थी. बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कई ट्रेनें दो से तीन घंटे तक देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है. रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि समयबद्धता सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में यात्रियों की सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है.
हस्ताक्षर अभियान में शामिल यात्रियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. रेल यात्री संघर्ष समिति ने बताया कि एकत्रित हस्ताक्षरों को रेलवे के उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा. इस अभियान ने साफ संकेत दे दिया है कि अब रेल यात्रियों की समस्याएं जनआंदोलन का रूप ले रही हैं और लोग अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं.




