जमशेदपुर : होली के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। बुधवार से टाटानगर से बक्सर और कटिहार के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। रेलवे द्वारा जारी किए गए निर्देश के अनुसार, ट्रेन नंबर 08181 टाटा-कटिहार होली स्पेशल बुधवार दोपहर 1 बजे टाटानगर से रवाना होकर रात 2 बजे कटिहार पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 08182 कटिहार-टाटा स्पेशल गुरुवार को सुबह 3.50 बजे कटिहार से चलकर शाम 4 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यह ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, और जयचंडी पहाड़ जैसे स्टेशनों पर रुकती है।

ट्रेन नंबर 08183 टाटा-बक्सर होली स्पेशल बुधवार शाम 4.20 बजे टाटानगर से रवाना होकर 13 मार्च की सुबह 7.45 बजे बक्सर पहुंचेगी। वही रैक बक्सर से ट्रेन नंबर 08184 के रूप में 13 मार्च को सुबह 10 बजे खुलेगी और 14 मार्च को रात 3 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन पटना रूट के यात्रियों के लिए राहत देने वाली है।




