सरायकेला: होली पर्व के मद्देनजर कपाली थाना प्रभारी सोनू कुमार ने क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिंदुओं के महापर्व होली को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रेस ड्राइविंग, सोशल मीडिया पर गलत गतिविधियां, और ड्रंक एंड ड्राइव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग गश्ती भी बढ़ा दी गई है।

कपाली थाना प्रभारी ने बताया कि होली के मौके पर लोगों का उत्साह बढ़ा रहता है, लेकिन साथ ही कुछ असामाजिक तत्व भी अपनी गतिविधियां बढ़ा सकते हैं, जिनसे कानून व्यवस्था में खलल पड़ सकता है। इस कारण से क्षेत्र में पूरी चौकसी बरती जा रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है, और खासतौर पर उन स्थानों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है, जहां अधिक भीड़-भाड़ हो सकती है। इसके साथ ही, ड्राइविंग के दौरान शराब पीने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शराब चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। कपाली थाना प्रभारी सोनू कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति और सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाएं।




