रांची: ट्रेजरी घोटाले की तहकीकात में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पहले सिर्फ दरोगा और सिपाही इस खेल में लिप्त दिख रहे थे, लेकिन जांच आगे बढ़ते ही कई आईपीएस अफसर भी शक के दायरे में आ गए हैं। 14 जिलों के पुलिस अधीक्षकों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और जल्द बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2016-17 में कई जिलों के तत्कालीन एसपी ने नियमों को दरकिनार कर अपने स्तर से करोड़ों का भुगतान कर दिया। अब इसकी गहन जांच शुरू होने वाली है। मामला तब सामने आया जब बोकारो कोषागार में गड़बड़ी उजागर हुई। पुलिस जांच में घोटाले का आंकड़ा 30 करोड़ से ऊपर पहुंच गया। इसके बाद सरकार ने राज्य के सभी कोषागारों की पड़ताल का आदेश दिया। जांच शुरू होते ही घोटाला बोकारो तक सीमित नहीं रहा, बल्कि 14 जिलों तक फैलता दिखा। यहां कांस्टेबल से लेकर आईपीएस रैंक तक के अफसरों पर गलत तरीके से रकम निकालने का संदेह है।

कई जिलों में एसपी ने अपने पद के नाम से बैंक खाते खुलवाए। कोषागार से सीधे उन खातों में पैसा ट्रांसफर कराया गया और फिर अपने चेक से भुगतान किया गया। जबकि नियम कहता है कि बिल जिस व्यक्ति के नाम से जमा हो, भुगतान सीधे उसके खाते में होना चाहिए। लेकिन बड़े अफसरों के मामले में सारे प्रावधान नजरअंदाज कर रकम एसपी के खाते में भेज दी गई।
इस खुलासे के बाद महालेखाकार और वित्त विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। 2016-17 में बड़े स्तर पर अनियमित भुगतान हुआ। जमशेदपुर में 38 लाख के भुगतान की बात सामने आई है। अन्य जिलों में भी बड़ी रकम ट्रांसफर हुई, जिसका ब्यौरा जल्द सामने आ सकता है।
इस पूरे प्रकरण की जांच सीआईडी कर रही है। बोकारो से हजारीबाग तक दस्तावेज जब्त किए गए हैं और आरोपी जेल भेजा जा चुका है। अन्य जिलों के नाम सामने आने के बाद और बड़े खुलासे संभव हैं। जांच के दौरान बोकारो पुलिस के आंतरिक सिस्टम पर भी सवाल उठे हैं। रिकॉर्ड और बैंक डेटा से छेड़छाड़ की गई। कई दस्तावेज बदल दिए गए या गायब करने की कोशिश हुई, ताकि जांच भटक जाए।
हजारीबाग में सीआईडी की टीम ने लोहसिंघना थाने पहुंचकर अब तक के कागजात जब्त किए और अधिकारियों से समीक्षा की। सीआईडी की विशेष एसआईटी इस केस में बड़े खुलासे कर सकती है। जांच गहराने पर कई डीएसपी और आईपीएस अफसरों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
अभी तक सिर्फ निचले स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई हुई है। विस्तृत जांच के बाद घोटाले की असली रकम और कई बड़े चेहरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है




