सरायकेला: कपाली ओपी इलाके के हासाडुंगरी आमबगान में सोमवार शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार समेत पकड़ा। बालू-ईंट भंडारण के पास से गिरफ्तार युवक के पास से लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ है। आशंका है कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना में था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।

सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कपाली ओपी को खुफिया जानकारी मिली कि हासाडुंगरी आमबागान क्षेत्र में कुरता-पाजामा पहने एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और तुरंत एक स्पेशल टीम गठित की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया। भागने का प्रयास कर रहे युवक को टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मो. तौशीफ अंसारी (22), निवासी ग्रीनवैली, आजाद बस्ती, रोड नंबर-17, क्रॉस रोड नंबर-01, थाना आजादनगर, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का भरा हुआ देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा कारतूस मिली, जिस पर केएफ लिखा था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने किया। टीम में हसनैन अंसारी, अनुसंधानकर्ता मनोज कुमार मिश्रा, अख्तर अंसारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




