रांची : झारखंड-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र, खासकर चाईबासा और क्योंझर जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कई दिनों से 29 हाथियों का एक झुंड इस इलाके में घूम रहा है, जिससे अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है और किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। शनिवार शाम को नोवामुंडी थाना क्षेत्र के जामपानी में 19 वर्षीय दीपेश नायक की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई।

दीपेश अपनी भाभी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था, तभी तितरबिल नारायणपुर चौक के पास हाथियों के झुंड से सामना हो गया। एक हाथी ने दीपेश को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी भाभी किसी तरह भागकर पास की पाइप में छिप गई और अपनी जान बचा ली । घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस क्षेत्र में हाथियों द्वारा फसल नुकसान और लगातार हमलों से ग्रामीण भयभीत हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।




