जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह बाजार में देर रात बदमाशों ने लगातार छह प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने शटर और ताले तोड़कर नकद राशि, जरूरी सामान, सब्जियां और आठ बत्तखें लेकर फरार हो गए। सुबह कारोबार शुरू करने पहुंचे व्यापारियों ने दुकानों की टूटी हालत देखी तो पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी और बाजार समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को जानकारी दी गई। आलू-प्याज कारोबारी अजय यादव के अनुसार उनकी दुकान से नकदी वाला गल्ला उठा लिया गया। बाद में वह बाजार से कुछ दूरी पर टूटा मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। अन्य दुकानों से टमाटर, लहसुन और छुट्टे रुपये भी गायब मिले।

एक पोल्ट्री दुकान से आठ बत्तखें चोरी होने की भी पुष्टि हुई, जबकि पान दुकान का काउंटर तोड़ा गया, लेकिन वहां से कुछ हाथ नहीं लगा। घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि शुल्क वसूला जाता है, लेकिन रात में निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं रहती। व्यापारियों ने बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि प्रहरी की तैनाती और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






