गढ़वा : गढ़वा जिले के खरोंधी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार शाम भोजन के दौरान मुरमुरा खाने के कुछ समय बाद करीब 120 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कई छात्राओं को उल्टी, पेट में तेज दर्द, चक्कर और कमजोरी महसूस होने लगी। विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी, जिसके बाद सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खरोंधी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद अधिकांश छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया, जबकि अधिक परेशानी झेल रही 16 छात्राओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भवनाथपुर रेफर किया गया। वहां उन्हें स्लाइन चढ़ाने के साथ आवश्यक दवाएं और इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी की जान को खतरा नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज गर्मी तथा पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की स्थिति सामने आई है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके।






