जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उलीडीह थाना अंतर्गत सुभाष कॉलोनी रोड नंबर-5 में रविवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। कॉलोनी की सड़कों पर बह रहे नाले के गंदे पानी से तंग आकर लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और स्थानीय विधायक सरयू राय मुर्दाबाद, मानगो नगर निगम हाय-हाय के नारे लगाए।
“हर बार सिर्फ आश्वासन, कार्रवाई नहीं” कॉलोनीवासियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से नाले का गंदा पानी सड़क पर फैलकर बह रहा है, जिससे घरों के सामने लगातार बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है।

कई बार मानगो नगर निगम के अधिकारियों और स्थानीय विधायक सरयू राय से लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।रहवासियों ने बताया कि गंदे पानी के कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है, बच्चे और बुजुर्ग फिसल कर गिर जाते हैं, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। गली-मोहल्लों में डेंगू और मलेरिया का डर मंडरा रहा है। लोगों ने कहा कि आने वाले दिनों में छठ पूजा और दीपावली जैसे पर्व हैं, जिनमें सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी। अगर जल्द ही नाले की सफाई और निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो कॉलोनीवासी मानगो नगर निगम कार्यालय और विधायक आवास का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल थे। महिलाओं ने कहा कि बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है, क्योंकि सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है। कई बार मोटरसाइकिल फिसलकर गिर जाती है। लोग गली में चप्पल निकालकर चलने को मजबूर है




