दिल्ली : बांग्लादेश में हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचार और धार्मिक स्थलों की तोड़फोड़ ने भारत में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है। मंदिरों पर हमले, मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने और हिंदू समुदाय पर हिंसा की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। यह घटनाएं न केवल मानवाधिकारों का हनन हैं, बल्कि धार्मिक सहिष्णुता और भाईचारे के सिद्धांतों के खिलाफ भी हैं। भारत की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस गंभीर स्थिति पर हस्तक्षेप करने की अब मांग कर रही है। भारत, जो विश्व में सबसे बड़े लोकतंत्र और विविधता का प्रतीक है, पड़ोसी देशों में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा को लेकर संवेदनशील रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार को कूटनीतिक का उपयोग करना चाहिए।

प्रधानमंत्री से आग्रह किया जा रहा है कि वे बांग्लादेश सरकार के साथ इस विषय पर चर्चा करें और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का दबाव बनाएं। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाना चाहिए ताकि वैश्विक समुदाय का ध्यान इस ओर आकर्षित हो सके। हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को केवल धार्मिक मुद्दे तक सीमित नहीं माना जा सकता, यह मानवीय और सभ्यता से जुड़े मूल्यों का भी सवाल है। भारत के नागरिक यह मानते हैं कि पड़ोसी देशों के अल्पसंख्यकों की रक्षा करना भारत की नैतिक जिम्मेदारी है। जनता चाहती है कि इस विषय पर ठोस और निर्णायक कदम उठाए जाएं ताकि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय बिना डर और भेदभाव के अपनी जिंदगी जी सके।




