नई दिल्ली: दिल्ली से रांची के लिए शनिवार दोपहर 12:30 बजे रवाना होने वाली एयर इंडिया की उड़ान तकनीकी दिक्कत के चलते ढाई घंटे विलंबित हो गई। उड़ान भरने से कुछ पल पहले विमान में गड़बड़ी का पता चला, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से टेक-ऑफ रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, विमान पूरी तरह से उड़ान के लिए तैयार था। इसी बीच क्रू और तकनीकी स्टाफ को सिस्टम में खराबी की आशंका हुई। नियमों के मुताबिक इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत स्थिति संभाली और एहतियात के तौर पर फ्लाइट को क्लीयरेंस नहीं दी गई।

सभी यात्रियों को सुरक्षा के मद्देनजर विमान से उतारकर टर्मिनल लाउंज ले जाया गया। अचानक हुई देरी से एयरपोर्ट पर कुछ समय तक यात्रियों में असमंजस का माहौल रहा। एयरलाइन कर्मचारियों ने यात्रियों को स्थिति समझाई और धैर्य रखने का अनुरोध किया।
तकनीकी विशेषज्ञों ने विमान के सभी महत्वपूर्ण सिस्टम का गहन परीक्षण किया। हर हिस्से की जांच के बाद जब विमान पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, तभी उसे रांची के लिए रवाना किया गया।
एयर इंडिया प्रबंधन ने कहा कि पैसेंजर्स की सेफ्टी से कोई समझौता नहीं किया जाता, इसलिए छोटी से छोटी खामी पर भी उड़ान रोक दी जाती है। कंपनी ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद प्रकट किया है।




