गम्हरिया: टाटा स्टील, गम्हरिया के दुगधा यूनिट (जूम बल्लभ स्टील) में दोपहर करीब 2 बजे सूखी झाड़ियों में आग दहक उठी। तेजी से आवासीय घरों की ओर पसरते आग की लपटों के बारे में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सिक्युरिटी कंट्रोल रुम में सूचित करने के बावजूद एहतियातन अग्निशमन गाड़ी भेजने में प्रबंधन द्वारा रुचि नहीं दिखाई गई। कम्पनी की चाहरदिवारी से सटे घर में ट्यूशन पढ़ रहे बच्चों ने बाल्टी से पानी ला- लाकर आवासीय क्षेत्र में आग के फैलाव को बुझाया, जबकि आग की लपटें दूसरे छोर में दहकती रही।

घटना के सम्बन्ध में आमडीह (दुगधा) निवासी सह झामुमो नेता भोंमरा माझी ने आक्रोशित होकर कम्पनी प्रबंधन की उदासीन रवैया की आलोचना करते हुए बताया कि कम्पनी में सुरक्षाकर्मी की मौजूदगी में परिसर में आग बुझाने का प्रयास कर रहे बच्चों के साथ कोई हादसा हो जाता तो यह किसकी जिम्मेदारी होती? कम्पनी परिसर की सूखी झाड़ियों में आग लगी या लगायी गई, दोनों ही परिस्थितियों में कम्पनी की ओर से अग्निशमन गाड़ी तुरंत भेजनी चाहिए थी।
मिल रही सूचना अनुसार आग लगी घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद कम्पनी द्वारा अग्निशमन गाड़ी भेजी गई।




