जमशेदपुर : गम्हरिया प्रखंड में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान ऑटो क्लस्टर औद्योगिक क्षेत्र में फ्रंटलाइन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन आकांक्षी प्रखंड योजना के प्रभावी अमल और प्रधानमंत्री पुरस्कार 2024 में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं की सराहना की, जिन्होंने इस उपलब्धि को संभव बनाया।

उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, जलसहिया, एएनएम, स्वास्थ्य सहिया, सीएचओ, पंचायत सचिव, मुखिया सहित सभी जमीनी स्तर पर काम करने वालों ने अद्भुत समर्पण से इस योजना को गति दी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी तालमेल बनाए रखते हुए लगातार बेहतर कार्य करते रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अन्य प्रखंडों के स्टाफ को भी प्रेरित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सम्मान के साथ मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया ताकि भविष्य में वे निर्धारित संकेतकों के अनुसार कार्य कर सकें। इस समारोह में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी सहित कई विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




