रांची: जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार रात हुई दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर की सुरक्षा में तैनात गार्ड को मौत के घाट उतार दिया और दानपेटी से नकदी लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि मंदिर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। पीछे के हिस्से में चल रहे निर्माण कार्य के लिए लगाई गई सीढ़ियों का सहारा लेकर अपराधी दीवार कूदकर परिसर में दाखिल हुआ। आशंका है कि अंदर घुसने के बाद बदमाश ने सबसे पहले गार्ड पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज इस केस की सबसे बड़ी कड़ी बनी है। फुटेज में एक संदिग्ध शख्स वारदात के वक्त मंदिर में घूमता दिख रहा है। पुलिस को शक है कि उसी ने पूरी वारदात को अंजाम दिया है। तकनीकी टीम फुटेज को और साफ कर आरोपी की पहचान करने में लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही रांची के एसएसपी राकेश रंजन खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस की कई टीमें शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, हालांकि पुलिस एक ही शख्स के शामिल होने की आशंका जता रही है।
एसएसपी ने दावा किया है कि पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




