कोल्हान : कोल्हान क्षेत्र में महिलाओं को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से “कोल्हान महिला मंडल” का गठन करते हुए संगठन का विस्तार किया गया है। इस संगठन की अध्यक्ष मंजू कुमारी ने कहा कि आने वाले समय में यह मंडल एक मजबूत और प्रभावशाली संगठन के रूप में उभरेगा, जो महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगा।
मंजू कुमारी ने बताया कि वर्तमान समय में झारखंड की राजनीतिक और प्रशासनिक परिस्थितियों को देखते हुए महिलाओं की भागीदारी और आवाज को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से कोल्हान क्षेत्र में इस महिला मंडल का गठन और विस्तार किया गया है, ताकि महिलाओं से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे को मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन न केवल महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी निरंतर कार्य करेगी।

संगठन के विस्तार के दौरान विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियों को भी दिया गया। मंजू कुमारी को अध्यक्ष, श्रीमती श्यामली दास को उपाध्यक्ष, ईतु दास को कोषाध्यक्ष, तथा गायत्री बैज को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा शिखा बैज, आलड़ी दास, जमुना दास, स्नेहा पाल और लिलिमा दास को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएं दी गई हैं।
अध्यक्ष मंजू कुमारी ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब केवल घर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और प्रशासनिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर महिलाओं के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं में उत्साह देखने को मिला और सभी ने संगठन को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।




