पटना : पटना में 4 मई को कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 के उद्घाटन समारोह को लेकर यातायात में विशेष बदलाव किए गए हैं। शनिवार दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक इस क्षेत्र के कई रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। प्रभावित मार्गों में पीसी कॉलोनी रोड, रघुनंदन पथ, जेपी सेनानी मार्ग, गायत्री मंदिर गली, गंगा देवी पथ और कंकड़बाग रोड का उत्तरी हिस्सा शामिल है।

शालीमार स्वीट्स से लेकर राजेंद्रनगर गोलंबर तक व्यावसायिक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। हालांकि, स्वास्थ्य सेवा में लगे वाहन और नीट यूजी परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं के लिए रियायत दी गई है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में लोग मलाही पकड़ी रोड, कंकड़बाग कॉलोनी रोड और कंकड़बाग रोड के दक्षिणी हिस्से का उपयोग कर सकते हैं। चाणक्या विश्वविद्यालय के प्रांगण में आम लोगों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि मीडिया, खिलाड़ी और सांस्कृतिक दल के लिए मेदांता अस्पताल के बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा होगी। इन उपायों का उद्देश्य कार्यक्रम की सफलता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।




