दिल्ली ( प्रतिक सिंह ) : गौतम अदाणी के निकट संबंधी प्रणव अदाणी पर इनसाइडर जानकारी के दुरुपयोग का आरोप लगा है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) का कहना है कि उन्होंने अदाणी ग्रीन और सॉफ्टबैंक की एसबी एनर्जी होल्डिंग्स के बीच होने वाले लेन-देन से जुड़ी गोपनीय सूचना अपने बहनोई कुणाल शाह के साथ साझा की थी।

इस सूचना का लाभ कुणाल शाह और उनके भाई नृपाल शाह ने उठाया और शेयर बाजार से लगभग 90 लाख रुपये की कमाई की। प्रणव अदाणी ने इस मामले को ‘स्वीकृति या खंडन किए बिना’ निपटाने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि वे किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं कर रहे थे और उनके पास ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था जिससे अनुचित लाभ कमाया जा सके। वे इस मुद्दे को खींचने के बजाय आपसी सहमति से समाप्त करना चाहते हैं। सेबी अब इस निवेदन की समीक्षा कर रहा है और संभव है कि वह कुछ शर्तों पर इस विवाद को सुलझा दे।




