पटना : पटना में बिहार का पहला भूमिगत सब-वे बनकर तैयार हो गया है, जो शहर की पहचान को नया आयाम देगा। यह सुविधा जीपीओ गोलंबर के पास निर्मित मल्टी-मॉडल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने के लिए विकसित की गई है। इसका उद्देश्य स्टेशन के पास यातायात दबाव को कम करना है।

अब वाहनों की पार्किंग मल्टी-मॉडल हब में की जाएगी और यात्री इस सुरंग से स्टेशन तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शुक्रवार को इसका निरीक्षण किया और इसे राज्य के लिए एक अनूठा प्रयास बताया। सब-वे की कुल लंबाई 440 मीटर है, जिसमें 148 मीटर ट्रैवेलेटर की सुविधा उपलब्ध है। यात्रियों के लिए दो एक्सेलेटर और दो लिफ्ट भी लगाई गई हैं, ताकि सभी वर्ग के लोग आसानी से इसका लाभ उठा सकें। इस सब-वे में वातानुकूलन और वेंटिलेशन की सुविधा भी दी गई है, जिससे इसमें सफर करना आरामदायक रहेगा। इस पहल से न केवल ट्रैफिक की समस्या सुलझेगी, बल्कि शहर की आधुनिक छवि भी निखरेगी।




