दिल्ली:भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की नियुक्ति को लेकर 17 फरवरी को उच्च स्तरीय बैठक होगी। वर्तमान सीईसी राजीव कुमार 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके चलते यह अहम फैसला लिया जाएगा। संभावित उम्मीदवारों में वरिष्ठ अधिकारी ज्ञानेश कुमार का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल होंगे। बैठक के दौरान शीर्ष पद के लिए पांच नामों की सूची पेश की जाएगी, जिन्हें सर्च कमेटी द्वारा चयनित किया गया है। जानकारी के मुताबिक, समिति ने 480 से अधिक नामों में से पांच संभावित उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया है।

मुख्य खोज समिति का नेतृत्व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कर रहे हैं, जबकि इसके अन्य सदस्य वित्त विभाग और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव हैं। यह समिति 17 जनवरी को केंद्रीय कानून मंत्रालय के निर्देश पर गठित हुई थी और इसकी समीक्षा बैठक संसद के बजट सत्र के दौरान आयोजित की गई। अब तक सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को सीईसी के सेवानिवृत्त होने पर इस पद पर पदोन्नत किया जाता था। हालांकि, पिछले साल लागू हुए नए कानून के बाद चयन प्रक्रिया में परिवर्तन हुआ है, जिसके तहत अब नए सर्च पैनल द्वारा उपयुक्त उम्मीदवारों का चयन किया जाता है।




