जमशेदपुर : पटमदा थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में विष्णु चरण भोक्ता ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनता की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
थाना परिसर में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार या असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर हाल में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विष्णु चरण भोक्ता ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इसके लिए थाना स्तर पर जनसंपर्क को और मजबूत किया जाएगा तथा नियमित रूप से क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।




