सरायकेला: राजनगर स्थित अस्पताल में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी के सहारे ऑपरेशन किए जाने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग को हिला दिया है। इस मामले को गंभीर मानते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने इसे सिस्टम की बड़ी विफलता और घोर लापरवाही करार दिया।
मंत्री के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही अपर मुख्य सचिव को पूरे मामले में कड़े कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं। सिविल सर्जन को भी चेतावनी दी गई है कि जिम्मेदारी में कमी पाई गई तो उन पर भी कार्रवाई तय है।

उन्होंने आश्चर्य जताया कि अस्पताल में जनरेटर और इन्वर्टर उपलब्ध होने के बावजूद ऐसी स्थिति बनी। उपायुक्त को पूरे मामले की जांच और अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।



