Saraikela (संजीव मेहता) : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों द्वारा अपने अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं संचालन व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा करते हुए केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों का आकलन किया गया. निरीक्षण क्रम में अधिकारियों द्वारा केंद्रों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया।

साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के उपस्थिति पंजी की जांच की गई तथा निर्धारित समयानुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त जनरेटर एवं इनवर्टर की कार्यशीलता, एम्बुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता, रोस्टर के अनुपालन तथा ओपीडी/आईपीडी संचालन, लैब जांच सुविधाएं एवं आवश्यक उपकरणों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई. जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि आमजन को सुलभ, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा गुणवत्ता, जवाबदेही एवं समयबद्ध उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें.




