Saraikela (संजीव मेहता) : जमशेदपुर शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली स्वर्णरेखा नदी में हाल ही में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के मामले में प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आ गई है. झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सोमवार को डोबो पुल के नीचे और आसपास के क्षेत्रों में जल की गुणवत्ता की जांच की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी जीतेंद्र सिंह के निर्देश पर जूनियर पर्यावरण अभियंता अनिल सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने नदी के दो अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने एकत्र किए. दोपहर में की गई सैंपलिंग के दौरान नदी की हालत बेहद खराब पाई गई है—पानी से तेज दुर्गंध आ रही थी और स्थिति किसी नाले जैसी नजर आ रही थी.

प्रारंभिक जांच में पानी में घुलित ऑक्सीजन (DO) का स्तर 4 मिलीग्राम प्रति लीटर से भी कम पाया गया, जबकि सामान्य स्थिति में यह 6 से 8 मिलीग्राम प्रति लीटर होना चाहिए. अधिकारियों के अनुसार, ऑक्सीजन की इसी गंभीर कमी के कारण मछलियों की मौत हुई है.
जूनियर इंजीनियर अनिल सक्सेना ने बताया कि सभी नमूनों की विस्तृत जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी, जिससे अन्य संभावित कारणों का भी पता लगाया जा सके. वहीं, प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी जीतेंद्र सिंह ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि ऑक्सीजन स्तर में गिरावट के कारणों की गहन जांच की जा रही है और स्थिति सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की विस्तृत रिपोर्ट गुरुवार तक आने की संभावना है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.




