Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 29 के रोड नंबर 8 और 9 में पिछले करीब 20 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण सैकड़ों परिवारों को भीषण गर्मी और उमस के बीच अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है. लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को समय पर दे दी गई थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया, न तो नया ट्रांसफार्मर लगाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी है.

बिजली नहीं रहने से क्षेत्र में पेयजल संकट भी गहरा गया है. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, घरेलू कामकाज ठप हैं और छोटे कारोबारी भी नुकसान झेल रहे हैं. लोगों का कहना है कि पूरी रात गर्मी और मच्छरों के बीच जागकर बितानी पड़ी है. स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है..लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.






