Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर 1 के विभिन्न वार्डों में नवंबर 2026 से पेयजलापूर्ति की शुरुआत संभावित है. इस बात को लेकर आज सापड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का जनहित याचिका दायरकर्ता अधिवक्ता ओम प्रकाश ने निरीक्षण किया और साइट इंचार्ज शुभोजीत सरकार से निर्माणाधीन प्लांट की वस्तुस्थिति से अवगत हुए. साइट इंचार्ज ने उन्हें बताया की आनेवाले 3 महीने में अक्टूबर 2026 तक प्लांट का काम पूरा हो जाएगा. उन्होंने बताया कि पंप हाउस, क्लेरिफलोकूलेटर, शम्प, केमिकल हाउस, सहित सभी आवश्यक प्लांट के काम 3 महीने में गारंटीड पूरे हो जाएंगे.

उन्होंने बताया कि यहां 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लांट का कार्य चल रहा है, जिसमें 30-30 एमएलडी के दो ट्रीटमेंट प्लांट भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि वन विभाग से सभी तरह के एनओसी लिए जा चुके हैं केवल 33 केवीए लाइन लाने के लिए करीब 5 एकड़ जमीन का हस्तांतरण वन विभाग से लेना लंबित हैं. बता दें कि इस प्लांट से ही गम्हरिया से लेकर आदित्यपुर तक के 60 फीसदी आबादी को पेयजल आपूर्ति की जानी है. बता दें कि आदित्यपुर 2 में करीब 40 फीसदी आबादी को पानी देने का कार्य लगभग शुरू हो गया है. आज के निरीक्षण कार्यक्रम में अधिवक्ता ओम प्रकाश के साथ महिला नेत्री और मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्ष शारदा देवी, वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा आदि मौजूद रहीं.






