रोहतास: वर्ष 2022 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी संकेत कुमार ने रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के पद पर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अनुमंडल में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने का स्पष्ट संदेश दिया।

संकेत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र में अपराध, अवैध कारोबार, माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिक्रमगंज अनुमंडल को अपराधमुक्त बनाना और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण देना उनका मुख्य उद्देश्य है। किसी भी हाल में अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग के अंदर भी यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने कार्यों में लापरवाही बरतेगा, तो उसके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की छवि और जनता का विश्वास बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है।एसडीपीओ संकेत कुमार ने जनता से भी अपील की कि वे अपराध से जुड़ी कोई भी जानकारी दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उस सूचना पर हर हाल में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सहयोग से ही बेहतर माहौल बनाया जा सकता है। संकेत कुमार ने थानों में लंबित मामलों की समीक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और नशे के खिलाफ अभियान को प्राथमिकता में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे नियमित क्षेत्र भ्रमण करेंगे और जनसंपर्क के माध्यम से जनता की समस्याओं को नजदीक से समझेंगे। बिक्रमगंज अनुमंडल में एक युवा और ऊर्जावान आईपीएस अधिकारी के आगमन से लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है। जनता को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। प्रभार लेते ही गुलदस्ता देकर पदाधिकारी और आम जनता ने किया भव्य स्वागत।




