सरायकेला : सरायकेला अनुमंडल के नवपदस्थापित एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने क्षेत्र में अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से लोगों से किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील किया है।
एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों का कारोबार, जुआ, सट्टा, अवैध खनन, पशु तस्करी या अन्य किसी प्रकार के गैरकानूनी कार्यों की सूचना मिलती है, तो पुलिस द्वारा त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित रूप से की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी भय के प्रशासन का सहयोग कर सकें।

अनुभव भारद्वाज ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें समाज की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। कई बार स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर दी गई जानकारी से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपराध के खिलाफ जागरूक रहने और पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि सरायकेला अनुमंडल में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी अपराधी या अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनता से प्राप्त हर सूचना पर गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ ने भरोसा जताया है कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र को अपराधमुक्त एवं सुरक्षित बनाया जाएगा है।




