Saraikela (संजीव मेहता) : स्ट्रीट वेंडर रूई दुकानदार जाहिद खान की आकाशवाणी चौक स्थित दुकान को बीती रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया है. इस आगजनी की घटना में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई है, साथ ही आगजनी में गरीब दुकानदार का करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान पहुंचा है.
इस संबंध में पीड़ित दुकानदार जाहिद खान ने बताया कि वो किसी पर सीधे आरोप तो नहीं लगाते हैं लेकिन यह सच है कि उनकी दुकान को किसी ने जान बूझकर आग लगाई है. इस आगजनी की घटना के बाद वे सड़कों पर आ गए हैं चूंकि उन्होंने महाजन से कर्ज लेकर कल ही दुकान में माल मंगाया था.

इस आगजनी में रूई, कपड़े और सिलाई मशीन के साथ कई तैयार तोशक, रजाई और तकिया भी जलकर खाक हो गए हैं जो आर्डर के थे और आज ही उसकी डिलीवरी देनी थी. जाहिद ने बताया कि उसने आदित्यपुर थाना में इस आगजनी की घटना की लिखित शिकायत दर्ज करा दी है साथ ही गम्हरिया अंचलाधिकारी से मुआवजे के लिए गुहार भी लगाई है.






