रांची : कोल्हान प्रमंडल राज्य के राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। यहां से अब तक चार मुख्यमंत्री राज्य की सत्ता की कमान संभाल चुके हैं। चार सांसद हैं,साथ ही 14 विधायक भी इसी क्षेत्र से निर्वाचित होकर विधानसभा में जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजनीतिक दृष्टि से इतनी सशक्त मौजूदगी होने के बावजूद आज कोल्हान प्रमंडल में अपराध का ग्राफ तेजी से लगातार बढ़ता जा रहा है।
दिनदहाड़े लूट, हत्या, गोलीबारी से रंगदारी,और आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। अपराधी न सिर्फ खुलेआम पुलिस के जीप में हत्या की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बल्कि दिनदहाड़े गोलियां और खुलेआम चापड भी चल रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग से लेकर आम नागरिक तक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने, लोगों को भय मुक्त करने, और अपराध पर लगाम लगाने के लिए आम जनता, बुद्धिजीवी वर्ग ,व्यापारी वर्ग, जनप्रतिनिधियों के साथ सड़कों पर विरोध धरना प्रदर्शन कर रही है। एक समय था जब यह इलाका शांत और सुरक्षित माना जाता था, लेकिन वर्तमान स्थिति ने लोगों की नींद हराम कर दी है।

लोगों का मानना है कि जब चार-चार मुख्यमंत्री, सांसद, और दर्जनों विधायक इसी कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र से आते हैं, तब भी यदि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है तो यह प्रशासन और राजनीतिक नेतृत्व दोनों के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन पर से जनता का भरोसा उठने लगा है। अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। व्यापारी वर्ग खासतौर पर दहशत में है। दिन में दुकान खोलना और रात में बंद करना अब उनके लिए आसान नहीं रह गया है। रोजाना कहीं न कहीं लूट और, हत्या, रंगदारी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। आम लोग भी घर से बाहर निकलते समय असुरक्षा की भावना से ग्रस्त रहते हैं। बच्चे और महिलाएं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।
स्थिति इतनी गंभीर होती जा रही है कि लोग अब यह सोचने लगे हैं कि अपराधियों के सामने प्रशासन पूरी तरह से असहाय हो चुका है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे, जिससे हालात और बिगड़ जाएंगे। जनता का साफ संदेश है कि सुरक्षा उनकी पहली जरूरत है। प्रशासन और सरकार को मिलकर अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने होंगे। पुलिस तंत्र को चुस्त-दुरुस्त बनाना, गश्ती बढ़ाना और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना ही इस समस्या का समाधान है। तभी जनता का भरोसा दोबारा से लौट सकेगा और कोल्हान प्रमंडल अपनी पुरानी पहचान – शांति और सुरक्षा – हासिल कर सकेगा। लेकिन ऐसा होता दूर की कौड़ी नजर आ रहा है।






