बिहार : बिहार सरकार ने प्रशासनिक ईमानदारी को लेकर कड़ा संदेश दिया है। गुरुवार को राज्य स्तरीय सतर्कता जागरूकता दिवस एवं सप्ताह के उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अनियमित तरीकों से लाभ लेने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून तोड़ने वाला व्यक्ति, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, मंत्री, विधायक या सरकारी कर्मचारी, सभी के विरुद्ध समान रूप से कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने जांच एजेंसियों वीएयू, एसवीयू और ईवीयू को निर्देश दिया कि संदिग्ध मामलों की त्वरित पहचान कर दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सम्राट चौधरी ने कहा कि अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को अधिग्रहित कर उनका उपयोग जनहित में किया जाएगा। ऐसी इमारतों में विद्यालय संचालित करने की योजना भी सरकार के विचाराधीन है, ताकि समाज को सकारात्मक संदेश मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों के बीच नैतिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना विकसित करने के लिए शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह के दौरान विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) का भी औपचारिक अनावरण किया गया। सरकार का कहना है कि सुशासन और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने के लिए भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।






