जमशेदपुर : करनडीह फाटक के समीप नाली बंद होने से क्षेत्र के हजारों परिवारों को जलनिकासी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या-9) पूर्णिमा मल्लिक ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अविलंब समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि करनडीह फाटक के पास स्थित पुरानी नाली से आसपास के घरों और फ्लैटों का पानी वर्षों से निकलता रहा है। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने यह कहते हुए नाली बंद कर दी कि गंदा पानी उनके खेतों में जमा होने से खेती प्रभावित हो रही है। नाली बंद होने के कारण पूरे इलाके का गंदा पानी अब सड़कों पर बह रहा है।

जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं, पास स्थित मंदिर परिसर के आसपास भी जलजमाव और गंदे पानी के बहाव से श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्णिमा मल्लिक ने उपायुक्त से जनहित को देखते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नाली की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।






