रांची: जमशेदपुर डीडी बार और पुलिस जीप में हुई चाकूबाजी की घटना में युवक की मौत के विरोध में बीजेपी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा दिए गए समर्थन से भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पूरे घटनाक्रम की मुख्यालय स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस मुख्यालय ने पूर्वी सिंहभूम, और सरायकेला खरसावां पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बंद के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा, जबरन दुकानें बंद कराने, सड़क जाम, तोड़फोड़ अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। कंट्रोल रूम से शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है और सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। डीडी बार की घटना के बाद शहर में बढ़ी संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी दोनों को सख्त कर दिया गया है।






