जमशेदपुर: प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, गम्हरिया के परिसर में स्थित एक पुराना और बेहद क्षतिग्रस्त भवन को लेकर क्षेत्र में चिंता बढ़ती जा रही है। पूर्व वार्ड पार्षद सिद्धनाथ सिंह ने उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ को एक पत्र सौंपकर आग्रह किया है कि इस जर्जर ढांचे को अविलंब ध्वस्त कर दिया जाए और खाली स्थान को एक सुंदर पार्क में परिवर्तित किया जाए।

श्री सिंह के अनुसार, यह भवन वर्तमान में उपयोग में नहीं है और अब नशाखोरी एवं अनुचित गतिविधियों का अड्डा बन चुका है, जिससे छात्रों की पढ़ाई के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने पूर्व में भी इसे हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक कोई निर्णायक पहल नहीं हो सकी है। यदि इस जगह को साफ कर सजाया-संवारा जाए, तो विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित एवं स्वच्छ खेल क्षेत्र उपलब्ध होगा, साथ ही शिक्षा से वंचित कई बच्चे भी प्रेरित होंगे। समाजसेवी संगठनों और नागरिकों की भी यही अपेक्षा है कि प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर कार्य आरंभ करे। यह कदम ‘स्मार्ट स्कूल’ अभियान की दिशा में सहायक साबित होगा।




