सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सपड़ा बालू घाट एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां पुलिस और प्रेस मैनेज के नाम पर बालू माफियाओं से प्रति ट्रैक्टर 2500 से 3000 और 407 से 4000 से 6 000 के बीच प्रतिमाह वसूली किए जाने की चर्चा जोरों पर है। सूत्रों के अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस व प्रेस मैनेज करने की आड़ में माफियाओं से हर माह एक मोटी रकम की वसूली की जा रही है। गौरतलब है कि सपड़ा घाट से प्रतिदिन रात तीन बजे से ही अवैध खनन का सिलसिला शुरू हो जाता है। जो ट्रैक्टर और 407 गाड़ियों से खुलेआम अवैध बालू लेकर सरपट सड़कों पर दौड़ती रहती है। जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जो प्रशासन के क्रियाकलाप को कटघरे में खड़ा करता है।

फिलहाल घाट पर 407 वाहन संचालकों और ट्रैक्टर माफियाओं के बीच गुटबाजी चरम पर है। दोनों गुट वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं और किसी भी वक्त यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल सकता है। जिस तरह से अवैध कारोबार में दबदबे की लड़ाई चल रही है, उससे क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल सूत्रों के अनुसार बना हुआ है। बालू माफियाओं पर अंकुश लगाना प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है।अगर समय रहते अवैध खनन और माफियाओं की गुटबाजी पर रोक नहीं लगी तो स्थिति गंभीर हो सकती है। वही सूत्रों के अनुसार पुलिस-प्रेस मैनेज के नाम पर प्रतिमाह मोटी रकम वसूली किए जाने की चर्चा सुर्ख़ियों में है।




