रांची : राज्य में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय की निगाहें बनी हुई है। शांतिपूर्ण निष्पक्ष मतदान कराने को राज्य पुलिस मुख्यालय सहित राज्य की सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। राज्य मुख्यालय से लगातार जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, गड़बड़ी या अराजकता की स्थिति उत्पन्न न हो।

एक राज्य के वरीय पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान तथा वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, उड़नदस्ता टीमों और दंडाधिकारियों को भी सक्रिय रखा गया है।
वही राज्य की खुफिया विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। खुफिया तंत्र संभावित उपद्रवियों, आपराधिक तत्वों और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले लोगों पर पैनी नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल रोक लगाई जा सके। वहीं राज्य के एक वरीय पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदाताओं को निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




