पटना : पटना के जानीपुर थाना के बांदीपुर गांव में देर रात पुलिस और डकैती और लूट के आरोपी दीपक कुमार के बीच मुठभेड़ हो गया। दीपक कुमार शिवाला चौक का रहने वाला है। गोलीबारी में अपराधी दीपक के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पहले एम्स पटना और फिर गंभीर स्थिति देखते हुए पीएमसीएच पटना ले जाया गया जहाँ उसका इलाज चल रहा है । एसएसपी पटना कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव स्थित एक ब्यूटी पार्लर में अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर फायरिंग करते हुए डकैती की थी।

इसमें जेवर और मोबाइल लूट लिया गया था। घटना को देखते की जांच में दीपक कुमार की संलिप्तता सामने आई। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ में उसने कई पुराने आपराधिक मामलों में शामिल होने की बात भी स्वीकार की थी। एसएसपी ने आगे बताया कि पुलिस टीम जब लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए दीपक कुमार को लेकर बांदीपुर गाँव गई, तो उसने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी, जिसमें दीपक के पैर में गोली लग गई।
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल , जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किए हैं। मौके पर सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह, सीडीपीओ फुलवारी शरीफ 2 , जानीपुर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधी का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है और इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे पीएमसीएच में इलाज चल रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आगे एसएसपी पटना, कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि 12 तारीख को जानीपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग कर डकैती की घटना हुई थी। अनुसंधान में दीपक कुमार का नाम सामने आया। वह कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त है। पुलिस टीम जब बरामदगी के लिए गई तो उसने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है।




