
चाईबासा हरि शर्मा : चाईबासा बंदगांव थानाक्षेत्र के जंगल से पुलिस ने एक पीएलएफआई उग्रवादी जोटो साण्डी पुर्ती को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी के पास दो देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस मिला। इसके साथ ही उसके पास से पीएलएफआई चन्दा रसीद और मोटरसाईकिल भी मिला। इसके अलावा उसके निशानदेही पर लोवाबेड़ा जंगल में छिपाकर रखा गया एक दो नाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाईकिल बरामद हुआ है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ईटीश्रीजन गाँव में पीएलएफआई के एरिया कमांडर राडूंग बोदरा उर्फ लम्बु अपने दस्ता सदस्यों के साथ भ्रमण कर रहा है और किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस ने यहाँ छापेमारी किया जिसमें एक व्यक्ति जो मोटरसाईकिल से भागने का प्रयास कर रहा था, उसे छापामारी दल के द्वारा पकड़ लिया गया। लेकिन बाकी लोग अंधेरा एवं जंगल का लाभ उठाकर भाग गये।




